जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक मैरिज गार्डन में आयोजित आशीर्वाद समारोह के दौरान दुल्हन के पास रखा बैग चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घटना जगतपुरा स्थित चंदन वन गार्डन में 7 फरवरी को हुई। शिकायतकर्ता नितिन करोल ने पुलिस को बताया कि यह समारोह उनके भाई नवीन करोल के लिए आयोजित किया गया था, तभी अज्ञात युवक बैग लेकर फरार हो गया।
पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्ध युवक पहले मेहमानों के बीच घुलता-मिलता दिखाई देता है। वह दूल्हा-दुल्हन के पीछे खड़ा होकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है और मौका मिलते ही बैग उठा लेता है। इसके बाद वह बैग को अपने ब्लेजर में छिपाकर आराम से बाहर निकल जाता है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बैग में करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। जब समारोह के दौरान मेहमान वर-वधु को आशीर्वाद देने में व्यस्त थे, उसी समय आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। कुछ देर बाद बैग नहीं मिलने पर परिजनों को चोरी का पता चला।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।